भोपाल के तरावली गांव में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में जब्ती

भोपाल के तरावली गांव में मंगलवार सुबह पुलिस और आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। इस छापे में भारी मात्रा में कच्ची शराब, 12 हाथ भट्‌टी, 2 बॉयलर और 30 से ज्यादा खाली-भरे ड्रम जब्त किए गए। इस कार्रवाई के दौरान अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

  • तरावली गांव में जंगल में बनाई जा रही थी अवैध शराब।
  • पुलिस और आबकारी विभाग के संयुक्त अभियान में 52 अधिकारी और 175 कर्मचारी थे शामिल।
  • करीब 275 लीटर अवैध हाथ भट्टी मदिरा और 15000 किलो ग्राम लाहन बरामद।
  • 12 अवैध भट्टियां और 2 बॉयलर जब्त कर नष्ट किए गए।
  • कार्रवाई के दौरान डेरे में मौजूद लोग मौके से फरार हो गए।

आरोप है कि बैरसिया रोड पर खुलेआम पन्नियों में 10 से 20 रुपए में शराब बेची जाती है।

इस कार्रवाई को सहायक आबकारी आयुक्त वीरेंद्र सिंह धाकड़ के निर्देशन में कंट्रोलर वर्षा उइके और उनकी टीम ने अंजाम दिया। टीम ने तड़के से ही इलाके में छानबीन शुरू कर दी थी। कार्रवाई के दौरान एसडीओपी बैरसिया वैशाली करहेलिया, एसडीओपी दुर्जन सिंह बरकड़े, थाना प्रभारी बैरसिया रामबाबू चौधरी, थाना प्रभारी गुनगा रिंकू जाटव और कई अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

भोपाल से 40 किलोमीटर दूर बैरसिया रोड पर लक्ष्मणपुरा गांव के आसपास के क्षेत्रों में अवैध शराब की बिक्री की जाती है। सूत्रों के अनुसार, यहां पर आबकारी विभाग की कार्रवाई के बावजूद कुछ दिनों बाद फिर से शराब बिकने लगती है। ऐसे में इस बार की कार्रवाई से उम्मीद है कि अवैध शराब के कारोबार पर कुछ हद तक लगाम लग सकेगी।