रायगढ़। छत्तीसगढ़ के वित्त एवं पर्यावरण मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी एक बार फिर अपनी सादगी और जनहित के प्रति संवेदनशीलता को लेकर चर्चा में हैं। नवरात्रि के अवसर पर शहर के विभिन्न दुर्गा पंडालों में माता रानी के दर्शन के लिए मंत्री ओपी चौधरी स्कूटी पर सवार होकर निकले। उनके इस अंदाज ने लोगों का दिल जीत लिया है।
दरअसल, नवरात्रि के दौरान शहर में जगह-जगह सजे दुर्गा पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। इसके चलते कई मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ जाता है और लंबा जाम लगने की स्थिति बनती है। ऐसे में आम जनता को आवागमन में परेशानी न हो, इसे ध्यान में रखते हुए मंत्री ओपी चौधरी ने स्कूटी से सफर करने का निर्णय लिया।
इस दौरान वे पार्षद दिवेश सोलंकी और कार्यकर्ता प्रवीण द्विवेदी के साथ स्कूटी पर सवार होकर शहर के दुर्गा पंडालों में दर्शन के लिए पहुंचे। उनके साथ करीबी भाजपा कार्यकर्ताओं में दिवेश सोलंकी,अंशु टुटेजा, प्रवीण द्विवेदी, ऐश अग्रवाल पूरे समय पंडालों में देवी दर्शन के लिए साथ साथ रहे। मंत्री ओ पी चौधरी के इस सादगी भरे अंदाज का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मंत्री का यह कदम न केवल उनकी सादगी को दर्शाता है, बल्कि आम लोगों की सुविधा के प्रति उनकी संवेदनशीलता का भी संदेश देता है। जहां एक ओर नवरात्रि में शहर की सड़कों पर भीड़ और जाम की समस्या बनी रहती है, वहीं मंत्री ने खुद ऐसा रास्ता चुना, जिससे आम जनता को कम से कम परेशानी हो।
मंत्री ओपी चौधरी के इस अंदाज की शहर में खूब चर्चा हो रही है और लोग उनकी सादगी तथा जनहित को प्राथमिकता देने के इस प्रयास की सराहना कर रहे हैं।